तेलंगाना के जफ्फरगढ़ में अजैनों द्वारा मनाया गया तीर्थंकर महावीर का जन्मोत्सव
हैदराबाद/ जफ्फरगढ़ 10-04-2025 | तेलंगाना प्रान्त के जफरगढ़ कस्बे में, जहाँ आसपास के 100 किमी तक कोई भी जैन नहीं है, वहाँ तीर्थंकर महावीर स्वामी का 2624 वा जन्म कल्याणक महोत्सव गत वर्ष की तरह ही धूमधाम से मनाया गया। ये ज्ञातव्य है कि जफरगढ़ वो कस्बा है जहाँ से दो प्राचीन जैन प्रतिमाएं कुछ वर्षों पूर्व प्राप्त हुई थी, एवं जिन्हे जैनग्लोरी फाउंडेशन द्वारा स्थानीय सहयोग से जफरगढ़ के किले में पंचायत प्रदत्त भूमि पर प्लेटफार्म बनाकर उचित स्थान पर स्थापित किया गया था।
तीर्थंकर महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के शुभ अवसर पर जैनग्लोरी फाउंडेशन की तरफ से, वहां के सरपंच श्री वेंकट नरसिम्हाराव जी एवं अन्य सहयोगियों द्वारा कई आयोजन किये गए। इनमे तीर्थंकर जन्म उत्सव की जानकारी हेतु बैनर, पोस्टर लगाना, प्राप्त और स्थापित दोनों प्राचीन जैन प्रतिमाओं की पूजा अर्चना, कस्बे में फल एवं मिठाई वितरण, अनाथालय के बच्चों को नाश्ता, पाठ्य सामग्री वितरण एवं डीजे द्वारा कस्बे में घूम घूम कर जैन भजनों का ऑडियो प्रसारण करना प्रमुख रहा।
इस बार की एक और प्रमुख विशेषता रही कि जफ्फरगढ़ एवं आसपास के ग्रामों के विद्यार्थियों को रजिस्टर भी वितरित किये गए जिनके अग्र एवं पश्च के बाहरी एवं भीतरी दोनों भागों पर जफ्फरगढ़ के जैन इतिहास एवं तीर्थंकर महावीर स्वामी से सम्बंधित तथ्यों की सचित्र जानकारी दी हुई थी, जिससे विद्यार्थी स्थानीय जैन इतिहास के साथ साथ जैन धर्म एवं उससे जुड़ाव को भी समझ सके |

इस अवसर पर जैन ग्लोरी फाउंडेशन के निदेशक एवं सदस्यगण ऑनलाइन उपस्थित रहे एवं सभी को जैन धर्म की प्राचीनता एवं जफरगढ़ के जैन इतिहास के बारे में बताया गया।
जफरगढ़ कस्बे में विभिन्न स्थलों पर सरपंच जी एवं सहयोगियों ने ही जैन ग्लोरी फाउंडेशन की तरफ से समस्त कार्यक्रम संपन्न किये, साथ ही जिज्ञासुओं को तेलुगु एवं अंग्रेजी भाषा में सभी को जैन धर्म और शिक्षाओं के बारे में अवगत भी कराया।
मनीष जैन ’मलयकेतु’
उदयपुर / हैदराबाद
09461872124 से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312





