संकल्प लेकर नियोजन से आगे बढ़ने वाला जीवन में अवश्य सफल होता है – आचार्य श्री सुनील सागर जी
गिगला
जीवन में किसी भी कार्य के लिए संकल्प और श्रेष्ठ नियोजन परम आवश्यक है। दुनिया में जितनी आश्चर्यजनक कृतियां नजर आती है वह सभी किसी के संकल्प और श्रेष्ठ नियोजन का परिणाम है । यदि संकल्प करके कोई कार्य प्रारंभ करेंगे तो कार्य की सिद्धि अवश्य मिलेगी। उक्त उद्गार आचार्य श्री सुनील सागर महाराज ने गिंगला में आयोजित धर्मसभा में व्यक्त किए।
प्रवक्ता अनिल स्वर्णकार ने बताया कि सोमवार प्रातः खरका से विहार कर आचार्य सुनील सागर महाराज संघ का गिंगला में मंगल प्रवेश हुआ । सकल दिगंबर जैन समाज गिंगला द्वारा गिंगला चौराहा से बैंड बाजों की भक्तिमय स्वर लहरियों के साथ तोरण द्वार सजा द्वार द्वार पाद प्रक्षालन करते हुए पुष्प वृष्टि कर आचार्य संघ की मंगल अगवानी की । खरका से गिंगला तक पद विहार में आचार्य संघ के साथ पंकज मालवी, प्रकाश बंबोरिया, रोशन केलावत झमक शेरावत, हसमुख जैन ,पारस जैन सहित खरका एवं गिंगला के श्रावकगण मौजूद थे । गिंगला आदिनाथ मंदिर में अभिषेक शांतिधारा पश्चात धर्मसभा का आयोजन हुआ। धर्मसभा के दौरान आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन कांतिलाल माणकचंद मोटावत और जिनवाणी भेंट भंवरलाल रोशन लाल भोजावत परिवार ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रतिष्ठाचार्य पंडित महावीर जैन ने किया।
संकलन अभिषेक जैन लुहाडिया रामगंजमडी
