किसी को सता कर सत्ता प्राप्त मत करो:विज्ञमति माताजी
ग्वालियर,
सत्ता चाहे किसी भी प्रकार की हो, आर्थिक हो, धार्मिक हो, राजनीतिक हो, जैन दर्शन में कहा गया है कि सत्ता किसी को सताकर प्राप्त नहीं करना चाहिए। अरिहंतों की सत्ता कभी नष्ट नहीं होती। सिद्धालय के वैभव में कभी कमी नहीं आती। यह उदगार पट्ट गणिनी आर्यिकाश्री विज्ञमति माताजी ने शुक्रवार को जैन धर्मशाला मुरार में धर्मसभा में व्यक्त किए।
माताजी ने कहा कि हमारे चमड़े के शरीर में जो जीव बैठा है, वह परमात्मा की शक्ति लिए हुए है। अगर हमने दुकान, घर को धर्मसभा की प्रयोगशाला बना लिया तो हमें जन्नत मिल जाएगी। माताजी ने कहा कि जहां प्रेम होता है, वहां धन, सफलता और वैभव की बरसात होती है।

ग्वालियर की माटी में रत्न कन्या जन्मी
माताजी ने गणिनी आर्यिकाश्री विशुद्धमति माताजी के बारे में कहा कि यहां संतों के चरण आपके वात्सल्य और प्रेम से पड़े हैं। ग्वालियर की धरती ने रत्न कन्या को जन्म दिया है। उन्हें दुनिया में श्रद्धा की देवी मानकर द्रव्य चढ़ाया जाता है। जब हम संकट में होते हैं तो गुरु मां का स्मरण करने से परेशानी दूर हो जाती है। विशुद्ध का आंगन में कभी रात नहीं होती, वहां ज्ञान की रोशनी टिमटिमाती रहती है। माताजी जैसा वैभव पाने के लिए अपनी श्रद्धा को जिंदा रखना होगा।

सामंती दूसरे की ख्याति से ईर्ष्या करते हैं
माताजी ने बताया कि जिसकी ज्यादा पूजा होने लगती है, उसकी ख्याति बढ़ने लगती है। सामंती सोच रखने वाले उससे ईर्ष्या करने लगते हैं, जबकि प्रतिशोध करने या अहंकार करने से कोई बड़ा नहीं बनता। बड़ा बनने के लिए स्वयं को उस लायक बनाना पड़ता है। ईर्ष्या, दंभ को खत्म करना होगा।

केशर बाग पहुंचा आर्यिका संघ
जैन समाज के प्रवक्ता ललित जैन ने बताया कि आर्यिका संघ शुक्रवार शाम केशर बाग पहुंच गया। रात्रि विश्राम के बाद आर्यिका संघ शनिवार सुबह गोपाचल पर देव दर्शन करने के बाद चम्पाबाग बगीची पहुंचेगा।

चातुर्मास कमेटी ने आमंत्रण दिया
विशुद्ध चातुर्मास कमेटी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुरार पहुंचकर मुरार जैन समाज को चम्पाबाग आकर आर्यिका संघ के सानिध्य में धर्म लाभ लेने हेतु आमंत्रित किया। इस अवसर पर चातुर्मास कमेटी के मुख्य संयोजक पुरुषोत्तम जैन, मंत्री बालचंद्र जैन, सह कोषाध्यक्ष सुरेंद्र जैन, प्रवीण गंगवाल, संजीव जैन आदि के अलावा मुरार जैन समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रवक्ता चातुर्मास कमेटी, ग्वालियर ललित जैन “भारती से प्राप्त जानकारी
संकलन अभिषेक जैन लुहाडीया रामगंजमडी
