*”पिच्छिका परिवर्तन केवल उपकरण बदलने का नहीं,हृदय परिवर्तन और संयम साधना का महापर्व है : निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर*
“अष्टान्हिका पर्व, प्रतिक्रमण, आचार्य पद की गरिमा और कुण्डलपुर के बड़े बाबा की महिमा का किया आध्यात्मिक विवेचन”
कुण्डलपुर। “जैन धर्म में पर्व केवल उत्सव मनाने के अवसर नहीं,बल्कि आत्मशुद्धि, संयम, स्वाध्याय और साधना को जीवन में उतारने के विशेष अवसर हैं उपरोक्त उद्गार “सिद्धक्षेत्र कुंडलपुर में विराजमान निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर महाराज ने अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।
उन्होंने कहा कि अष्टान्हिका पर्व तीनों वर्षायोग के उपसंहार में विशेष धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाता है। राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्रीय प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया 24नवम्वर बुधवार को अष्टान्हिका महापर्व का आखरी दिवस है,और दौपहर एक बजे से मुनि संघ का पिच्छिका परिवर्तन समारोह रखा गया है, मुनि श्री ने नंदीश्वर द्वीप की धार्मिक महिमा बताते हुए कहा कि इन आठ दिनों में सौधर्म इंद्र अपने परिवार और देवगणों के साथ वहां जाकर चारों दिशाओं में जिनेंद्र भगवान की आराधना करते हैं। देवगण दिव्य सामग्री सेजिनप्रतिमाओं का अभिषेक और पूजन करते हैं। मुनिश्री ने कहा कि कार्तिक, फाल्गुन और आषाढ़ माह के अंतिम आठ दिन अष्टान्हिका पर्व के रूप में मनाए जाते हैं।

इन अवसरों पर गृहस्थजन पूजा, स्वाध्याय, सामायिक और तप के माध्यम से जिनशासन की प्रभावना करते हैं, जबकि साधु-संत अपनी साधना, जप, तप और स्वाध्याय से धर्म की प्रभावना करते हैं। मुनि श्री ने प्रतिक्रमण की परंपरा का विवेचन करते हुए कहा कि अष्टान्हिका से अष्टान्हिका तक चार माह का चातुर्मासिक प्रतिक्रमण,चतुर्दशी का पाक्षिक प्रतिक्रमण, प्रतिदिन प्रातः और सायंकालीन प्रतिक्रमण तथा आवागमन के लिए ईर्यापथ प्रतिक्रमण की व्यवस्था जैन साधना पद्धति का महत्वपूर्ण अंग है। अष्टान्हिका पर्व की पूर्णता के साथ ही यह पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि मयूर पंखों से निर्मित पिच्छिका दिगंबर जैन मुनियों का अनिवार्य संयम उपकरण है। इसकी मृदुता, हल्कापन, सूक्ष्मता तथा पानी और पसीने को ग्रहण नहीं करने जैसे विशेष गुण इसे अन्य पक्षियों के पंखों से अलग बनाते हैं। इससे जीवों की रक्षा और अहिंसा धर्म का पालन होता है।समय के साथ पंखों में कठोरता आने पर वर्ष में एक बार पिच्छिका बदली जाती है, जिसे गृहस्थजन श्रद्धापूर्वक नई पिच्छिका भेंट करते है,तथा मुनिराज अपनी पुरानी पिच्छिका पात्र श्रावकों को प्रदान करते हैं। मुनि श्री ने स्पष्ट किया कि तपस्वियों के संयम उपकरण धन से नहीं, बल्कि संयम की पात्रता से प्राप्त होते हैं। पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने के लिए ब्रह्मचर्य व्रत, खानपान की शुद्धि, स्वाध्याय, पूजन और धार्मिक नियमों का पालन करना आवश्यक होता है। उन्होंने पिच्छिका परिवर्तन को हृदय परिवर्तन का दिवस बताते हुए कहा कि गुरुवर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज सदैव प्रेरणा देते थे कि पिच्छिका लो,दीक्षा लो और संयम मार्ग पर आगे बढ़ो। उन्होंने आचार्य श्री केआचार्य पद प्रतिष्ठापना दिवस के संदर्भ में आचार्य पद की महिमा बताते हुए कहा कि णमोकार महामंत्र के पांच परमेष्ठियों में आचार्य परमेष्ठी का विशेष स्थान है।आचार्य आत्मसाधक होने के साथ संघ और समाज का कुशल नेतृत्व भी करते हैं। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने अपने व्यक्तित्व, तपश्चर्या और कुशल नेतृत्व से आचार्य पद की गरिमा को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। विद्वान पंडित कैलाशचंद्र जी सिद्धांत शास्त्री ने मुनि विद्यासागर जी की चर्या देखकर ‘एक नए नक्षत्र का उदय’ शीर्षक से लेख लिखा था और स्वीकार किया था कि उनके दर्शन के बाद णमोकार महामंत्र के पांचों पद जीवंत दिखाई देने लगे। मुनि श्री ने बताया कि आचार्य श्री को आचार्य पद 22नवम्वर को राजस्थान के नसीराबाद में गुरुवर आचार्य ज्ञानसागर जी महाराज से प्राप्त हुआ था। इसके बाद उन्होंने कुंडलपुर के बड़े बाबा भगवान आदिनाथ की प्राचीन एवंअतिशयकारी प्रतिमा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि इतिहासकार इस प्रतिमा को लगभग 1500 वर्ष प्राचीन बताते हैं। उपरोक्त संदर्भ में महाराजा छत्रसाल से जुड़ा प्रसंग बताते हुए उन्होंने कहा कि संकट के समय बड़े बाबा के दर्शन से उन्हें शांति और विश्वास मिला था। राज्य पुनः प्राप्त होने पर उन्होंने भगवान को छत्र समर्पित करने का संकल्प लिया और मंदिर निर्माण में सहयोग किया।तभी से बड़े बाबा के चरणों में छत्र समर्पित करने की परंपरा श्रद्धापूर्वक चली आ रही है। इसी भाव धारा को आगे बढ़ाते हुए स्वर्गीय श्रीमती चंद्ररानी बाई की धार्मिक भावना को उनके परिजनों ने साकार किया और सप्तम प्रतिमाधारी श्री राजाराम जी के परिवार की ओर से कल सोमवार को स्वर्ण छत्र समर्पित किया गया। उन्होंने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, त्याग और जिनेंद्र भक्ति को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। श्री पारसनाथ दिगंबर जैन युवा मंडल दिल्ली से आए हुए लगभग 200 श्रेष्ठी श्रावकों द्वारा पूज्य बड़े बाबा मंदिर परिसर में निर्यापक मुनि श्री संघ सानिध्य में संगीत की मधुर स्वर लहरियों के साथ भक्तामर महामंडल विधान अत्यंत भक्ति भावपूर्वक किया गया। सौधर्मेंद्र विजय जी कोमल जी कुबेर इंद्र नितिन जैन नीरज अनुज जी आदि दिल्ली से आए भक्तगणों ने भक्ति भाव पूर्वक प्रत्येक अर्घ समर्पित किये।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
