हाड़ौती की प्राचीन जैन धरोहर संरक्षण की बाट जोह रही, मंदिरों और पुरातात्विक अवशेषों को सहेजने की उठी मांग
रामगढ़, विलासगढ़, शेरगढ़, चांदखेड़ी सहित अनेक ऐतिहासिक स्थलों पर संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की आवश्यकता, हाड़ौती में जैन विरासत संग्रहालय स्थापित करने का सुझाव
देशभर में प्राचीन जैन प्रतिमाएं, पुरातात्विक अवशेष और मंदिरों की धरोहर उपेक्षित अवस्था में बिखरी हुई हैं। कई प्रतिमाएं जंगलों, गुफाओं, चरागाहों, खेतों, नदियों, कुओं और मंदिरों के बाहर असुरक्षित पड़ी हैं। समय-समय पर भूगर्भ से प्राचीन प्रतिमाएं मिलने की खबरें भी सामने आती रहती हैं, लेकिन इन ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हो पा रहे हैं। हाड़ौती क्षेत्र में भी जैन विरासत के संरक्षण और जीर्णोद्धार की जरूरत महसूस की जा रही है।
हाड़ौती में रामगढ़, विलासगढ़, शेरगढ़, मऊ-बोरदा, चांदखेड़ी और केशवरायपाटन सहित कई ऐसे ऐतिहासिक स्थल हैं, जहां जैन धरोहर संरक्षण की आवश्यकता है। अनेक गांवों में अब जैन समाज की आबादी नहीं रहने के बावजूद वहां प्राचीन मंदिर मौजूद हैं, जिन्हें समय रहते संरक्षित करने की जरूरत है।
कई ऐतिहासिक स्थल संरक्षण की प्रतीक्षा में
हाड़ौती के बाहर जहाजपुर में करीब 48, गुलगांव में लगभग 19 तथा टोंक में करीब 67 प्राचीन प्रतिमाएं मकानों की नींव एवं भूगर्भ से प्राप्त होने का उल्लेख किया गया है। रामगढ़ में कभी पांच मंदिर थे, लेकिन वर्तमान में वहां प्रतिमाएं नहीं होने के बावजूद मंदिरों के अवशेष और खंडहर होते जा रहे भवन अपनी पहचान एवं संरक्षण की आवश्यकता दर्शाते हैं।

विलासगढ़ में सैकड़ों खंडित प्रतिमाएं और पुरातात्विक अवशेष खुले में पड़े हैं। शेरगढ़ में आठवीं से 11वीं शताब्दी के मंदिर एवं गुफा मंदिर आज भी मौजूद हैं, जिन्हें संरक्षण और जीर्णोद्धार की आवश्यकता है। जहाजपुर, गुलगांव (केकड़ी) और टोंक जैसे स्थलों की धरोहरों को भी व्यवस्थित संरक्षण मिलना जरूरी है।
जैन विरासत संग्रहालय स्थापित करने का सुझाव
हाड़ौती क्षेत्र में एक व्यवस्थित जैन विरासत संग्रहालय स्थापित करने की आवश्यकता भी सामने रखी गई है, जहां सुरक्षित और विधिसम्मत तरीके से जैन प्रतिमाएं, शिलालेख, पुरावशेष एवं अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित किया जा सके। वर्तमान में राजकीय संग्रहालयों में जैन विरासत के संरक्षण के उल्लेखनीय प्रयास हो रहे हैं। रामगढ़, विलासगढ़, शेरगढ़, काकूनी, बारां, अट्रू और अन्य स्थानों से प्राप्त धरोहरों को समाज को संग्रहालयों में जाकर देखना चाहिए। बारां, झालावाड़ और बूंदी के संग्रहालय भी जैन विरासत से समृद्ध हैं।

शेरगढ़ (खानपुर) में प्रतिष्ठित प्रतिमाओं वाले मंदिर के अलावा एक अन्य मंदिर भी है, जहां भव्य वेदियां बनी हुई हैं, लेकिन प्रतिमाएं नहीं हैं। प्रयास और स्थानीय सहयोग से चांदखेड़ी क्षेत्र की कमेटी तथा पुरातत्व विभाग के अधीन हाड़ौती जैन विरासत संग्रहालय की स्थापना की संभावना भी तलाश की जा सकती है।
धरोहरों को बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
जैन विरासत केवल पत्थर की प्रतिमाओं और मंदिरों के अवशेषों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सभ्यता, संस्कृति और इतिहास की पहचान है। आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है कि इन धरोहरों को सुरक्षित रखा जाए। जहां भी प्राचीन खंडित या उपेक्षित धरोहर मौजूद हैं, उनकी पहचान कर सुरक्षित स्थिति सुनिश्चित की जाए और कानून एवं पुरातत्व नियमों के अनुसार सम्मानजनक संरक्षण किया जाए।

जैन तीर्थ संरक्षण महासभा, मुंबई एवं भारतवर्षीय तीर्थ संरक्षण महासभा अपने स्तर पर जैन विरासत संरक्षण के लिए कार्य कर रही हैं, लेकिन स्थानीय समाज की सक्रिय भागीदारी के बिना व्यापक संरक्षण संभव नहीं है। केवल प्रशासन और संस्थाओं के भरोसे अपनी विरासत को बचाना संभव नहीं होगा।
हाड़ौती में संरक्षण कार्यों के लिए सहयोग का आह्वान
महासभा की गुल्लक योजना के माध्यम से समाजबंधुओं के सहयोग से लगभग साढ़े छह लाख रुपये एकत्रित कर लखनऊ कार्यालय भेजे जा चुके हैं, लेकिन इस राशि का उपयोग भारत के अन्य क्षेत्रों में हो रहा है, हाड़ौती क्षेत्र में नहीं। कोटा संभाग में महासभा के 100 से अधिक सदस्य सक्रिय हैं। सदस्यों और समाजबंधुओं से आग्रह किया गया है कि वे ऐसे स्थलों की पहचान करें जहां संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की आवश्यकता है, ताकि महासभा इस कार्य में सहयोग कर सके।

तीर्थ संरक्षण महासभा पिछले वर्षों में मथुरा, झांसी, मंडावर, गोरखपुर, मोहंद्रा और पानीगांव सहित सात स्थानों पर संग्रहालय स्थापित कर प्रतिमाओं को सुरक्षित विराजमान करवा चुकी है। ईडर और ओडिशा में भी संग्रहालय स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में 36 ग्रामीण स्थलों पर प्राप्त प्रतिमाओं को उसी स्थान पर मंदिर बनाकर विराजमान करवाया गया है। संस्था आवेदन मिलने पर धनराशि भेजकर जीर्णोद्धार में सहयोग भी करती है।

समाजबंधुओं से आग्रह है कि वे कोटा, बारां, झालावाड़ और बूंदी के संग्रहालयों का परिवार सहित अवलोकन करें तथा अन्य ऐसे स्थानों पर भी जाएं जहां जैन धरोहर संरक्षण की आवश्यकता है।
डॉ. आर.के. जैन, संभागीय संयोजक, गुल्लक योजना, कोटा से प्राप्त जानकारी संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312
