गुरु चरणों की रज मस्तक पर लगाकर भावविभोर हुए रामगंजमंडी के मिथुन मित्तल, आचार्य श्री ने की सेवाभाव और समर्पण की सराहना

धर्म

गुरु चरणों की रज मस्तक पर लगाकर भावविभोर हुए रामगंजमंडी के मिथुन मित्तल, आचार्य श्री ने की सेवाभाव और समर्पण की सराहना

गुरु आस्था परिवार के द्वितीय अधिवेशन में मिथुन मित्तल का हुआ भव्य स्वागत-अभिनंदन, आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज ने प्रतीक चिह्न भेंटकर दिया धर्मवृद्धि का आशीर्वाद

रामगंजमंडी।
गुरु के चरणों का सान्निध्य मिलना अपने आप में सौभाग्य है, लेकिन जब गुरु चरणों का पदप्रक्षालन करने और उस पावन गंधोदक को मस्तक पर लगाने का अवसर प्राप्त हो जाए तो श्रद्धा और भक्ति का भाव शब्दों से परे हो जाता है। ऐसा ही एक भावुक और अविस्मरणीय क्षण शनिवार को गोलोक धाम में देखने को मिला, जहां आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर महाराज के मंगल सान्निध्य में आयोजित गुरु आस्था परिवार के द्वितीय अधिवेशन में रामगंजमंडी के समाजसेवी एवं धर्मनिष्ठ व्यक्तित्व मिथुन मित्तल को गुरुदेव के चरणों का पदप्रक्षालन करने तथा चरणों की रज मस्तक पर लगाने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।

 

 

इस आध्यात्मिक पल को पाकर मिथुन मित्तल भावविभोर हो उठे। उनके चेहरे पर गुरु भक्ति, श्रद्धा और कृतज्ञता के भाव स्पष्ट झलक रहे थे। आयोजन स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी इस क्षण को अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में देखा।

गुरुदेव ने की सेवाभाव और समर्पण की सराहना

इस अवसर पर आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज ने मिथुन मित्तल द्वारा धर्म प्रभावना एवं धार्मिक आयोजनों में निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए उनके समर्पण और लगन को सराहा। गुरुदेव ने स्मरण कराया कि पिछले वर्ष आयोजित कार्यक्रम में निकाले गए प्रमुख कलश का सौभाग्य भी इन्हें ही प्राप्त हुआ था। यह उनके प्रति गुरु कृपा और धर्म के प्रति उनकी आस्था का एक विशेष प्रसंग रहा।

कोटा चातुर्मास से स्वस्तिधाम पदयात्रा तक निभाई अहम भूमिका

मिथुन मित्तल का धार्मिक आयोजनों से जुड़ाव केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रहा है। विगत वर्ष कोटा में संपन्न हुए चातुर्मास के दौरान भी उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाते हुए अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई थी। चातुर्मास के उपरांत कोटा से स्वस्तिधाम तक निकली अलौकिक पदयात्रा के संयोजन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह पदयात्रा धर्म, श्रद्धा और गुरु भक्ति का ऐसा प्रसंग बनी, जिसकी स्मृतियां लंबे समय तक श्रद्धालुओं के हृदय में बनी रहेंगी।

उनकी इसी लगन, संगठन क्षमता और धर्म के प्रति समर्पण को देखते हुए गुरुदेव ने कोटा-हाईवे पर निर्माणाधीन गुरु धाम तीर्थ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें महामंत्री का दायित्व भी प्रदान किया है।

प्रतीक चिह्न भेंटकर किया सम्मान, दिया आशीर्वाद

गुरु आस्था परिवार के द्वितीय अधिवेशन में मिथुन मित्तल का आत्मीय एवं भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया। आचार्य श्री ने उन्हें प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया तथा जीवन में निरंतर उन्नति, धर्म प्रभावना और धर्मवृद्धि का मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

यह अवसर मिथुन मित्तल के लिए केवल सम्मान का क्षण नहीं, बल्कि गुरु चरणों के प्रति अपनी आस्था, समर्पण और सेवा भावना को और अधिक दृढ़ करने वाली अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति बन गया।
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *