दाग लगने से कुछ अच्छा होता है तो दाग अच्छे हैं। मुनि श्रमण सागर जी
जैन समाज गुना, सुसनेर के शिष्ठ मंडल ने मुनि श्री को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया।
[ ] राघौगढ़ 17 अक्टूबर।
आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के प्रिय शिष्य, प्रवचन वाचस्पति, निष्पक्ष साधक, विद्यागुरु कुल गौरव, बुंदेली आसू कवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने शनिवार को विद्यासागर सभागार राघौगढ़ में विशाल प्रवचन सभा में “दाग लगने से कुछ अच्छा होता है तो दाग अच्छे हैं” विषय पर व्याख्या करते हुए मंगल प्रवचन दिए। आपने सुप्रसिद्ध जैन ग्रंथ तत्वार्थ सूत्र के सातवें अध्याय के प्रथम श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा इस श्लोक में पांच पापों का उल्लेख किया है हिंसा, झूठा, चोरी, कुशील एवं परिग्रह को पांच पाप माना है। आपने उदाहरण के माध्यम से स्पष्ट किया कि अगर किसी का भला हो रहा है तो इन पांच पापों में हमें पाप का दोष नहीं लगता है। आपने कहा मथुरा के राजा मधु से शत्रुघ्न का युद्ध हुआ उस युद्ध में मधु को वैराग्य हो गया। आपने आचार्य विद्यासागर जी महाराज की कथन का उल्लेख करते हुए कहा हिंसा की हिंसा भी अहिंसा है। एक जल्लाद के हाथ में जीवित चिड़िया थी उसने एक व्यक्ति से पूछा मेरी मुट्ठी में क्या है उस चिड़िया की रक्षा की भावना से उस व्यक्ति ने कह दिया आपकी मुट्ठी में मरी हुई चिड़िया है। यह सुनकर जल्लाद ने मुट्ठी खोली और चिड़िया उड़ गई। इस तरह से उस व्यक्ति ने झूठ बोलकर जीव की रक्षा की। मुनिराज ने कहा शुभ कार्य के लिए की गई चोरी में भी पाप नहीं लगता है। जैन तीर्थ मूढं बद्री कर्नाटक में प्राचीन जैन ग्रंथों को बिना अनुमति के उठाकर उनकी प्रतियां तैयार कराकर जैन धर्म की रक्षा की। कुशील का उदाहरण देते हुए आपने कहा काम पुरुषार्थ वासना नहीं उपासना की भूमिका है। काम पुरुषार्थ से ग्रहस्थ जीवन आगे बढ़ता है।अंत में परिग्रह का उल्लेख करते हुए कहा सेठ जी जीवन भर धन इकट्ठा करते रहे उनके पुत्रों ने उस धन से मंदिर बनवाया। और परिग्रह का त्याग किया। मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने प्रवचन सभा में उपस्थित श्रद्धालुओं को आव्हान किया कि जीवन में दूसरों की भलाई के कार्य निःस्वार्थ भाव से करें आलोचना की चिंता ना करें।
मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने कहा नई पीढ़ी पौराणिक कथाओं एवं महापुरुषों के जीवन चरित्र से विमुख हो रही है। इस पर गहरी चिंता करते हुए लोकप्रिय टीवी सीरियल कौंन बनेगा करोड़पति के 20 सितंबर 2019 के एपिसोड का उल्लेख करते हुए कहा अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर सुप्रसिद्ध सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा बैठी थी। शत्रुघ्न सिन्हा के बेटों का नाम लव कुश है मकान का नाम रामायण है। सब कुछ रामायण कालीन परिवेश है।सोनाक्षी सिन्हा से प्रश्न पूछा हनुमान जी संजीवनी बूटी किसके लिए लेकर आए थे। सोनाक्षी सिन्हा ने उत्तर दिया हनुमान जी संजीवनी बूटी सीता के लिए लेकर आए थे। यह उत्तर गलत था।मुनिराज ने कहा हमारे देश में पाठ्यक्रमों से पौराणिक कथाएं एवं महापुरुषों के जीवन चरित्रों को हटा दिया गया है। अंग्रेजी कॉन्वेंट स्कूलों में अंग्रेजों की गाथाएं पढ़ाई जा रही हैं।



आज प्रवचन सभा में जैन समाज गुना के अध्यक्ष संजय जैन कामिनी, मंत्री अनिल कुमार जैन अंकल के नेतृत्व में शिष्ट मंडल ने मुनिराज के दर्शन किए एवं श्रीफल भेंट किया। जैन समाज सुसनेर के शिष्ट मंडल ने भी मुनिराज को श्रीफल भेंट किया। गुना एवं सुसनेर से पधारे श्रेष्टि जनों का जैन समाज राघौगढ़ की ओर से पगड़ी पहनाकर, माला पहनाकर, दुपट्टा डालकर सम्मान किया।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी 9929747312




