आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जीवन प्रसंगों से प्रेरणा लेने का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय ब्रह्मचारी संगोष्ठी के द्वितीय दिवस का प्रथम सत्र सानंद संपन्न
कोटा, 11 अक्टूबर 2026,
रविवार। आश्विन शुक्ल प्रतिपदा, भगवान नेमिनाथ जी के ज्ञान कल्याणक के पावन अवसर पर पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, दादाबाड़ी नसियां जी, कोटा में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय ब्रह्मचारी संगोष्ठी के द्वितीय दिवस का प्रथम सत्र आध्यात्मिक वातावरण में सानंद संपन्न हुआ। सत्र में संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महामुनिराज के प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों, विराट व्यक्तित्व, आध्यात्मिक साधना तथा विश्व, राष्ट्र और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान पर वक्ताओं ने सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। आचार्य श्री के जीवन से जुड़ी घटनाओं एवं संस्मरणों के माध्यम से उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
मंगलाचरण के साथ हुआ सत्र का शुभारंभ
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्मचारी श्री सुनील भैया जी, इंदौर ने किया। सत्र का शुभारंभ आचार्य श्री विद्यासागर जी पाठशाला, दादाबाड़ी, कोटा की नन्ही बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात थांवला परिवार एवं वेद परिवार द्वारा चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र भेंट के माध्यम से कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

वक्ताओं ने संस्मरणों के माध्यम से किया आचार्य श्री का गुणानुवाद
संगोष्ठी के प्रथम सत्र में सर्वप्रथम ब्रह्मचारी श्री अशोक भैया जी, बनारस (स्याद्वाद महाविद्यालय) ने सादाबाद महाविद्यालय से जुड़े प्रसंगों तथा आचार्य श्री के व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों पर अपने ओजस्वी विचार प्रस्तुत किए।

द्वितीय वक्ता ब्रह्मचारी श्री तरुण भैया जी, इंदौर ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए सुनीति शतक सहित विभिन्न शतकों के माध्यम से उनके साहित्यिक एवं आध्यात्मिक चिंतन को रेखांकित किया।
तृतीय वक्ता ब्रह्मचारी श्री देव भैया जी, हीरापुर ने आचार्य श्री के जीवन से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उनके आत्मसंयम, तपस्या और कठोर साधना से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
चतुर्थ वक्ता ब्रह्मचारी श्री नितिन भैया जी, इंदौर ने आचार्य श्री के विराट व्यक्तित्व तथा उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से स्थापित सर्वोदय, पुण्योदय एवं ज्ञानोदय जैसे तीर्थों और संस्थानों के माध्यम से समाज को मिली दिशा पर अपने विचार व्यक्त किए।
इसके पश्चात ब्रह्मचारी श्री अशोक भैया जी, सांगली, महाराष्ट्र ने डोंगरगढ़ प्रवास के दौरान आचार्य श्री की सल्लेखना से जुड़े घटनाक्रमों एवं संस्मरणों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। ब्रह्मचारी श्री मुकेश भैया जी, इंदौर आश्रम ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आचार्य श्री के जीवन आदर्शों और आध्यात्मिक योगदान को रेखांकित किया।
सभी वक्ताओं ने अपने संस्मरणों के माध्यम से आचार्य श्री के त्याग, तप, संयम, करुणा, ज्ञान, दूरदर्शिता और राष्ट्र तथा समाज को नई दशा एवं दिशा देने वाले कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आचार्य श्री का जीवन केवल आध्यात्मिक साधना का उदाहरण नहीं, बल्कि आत्मकल्याण के साथ लोककल्याण की भावना को साकार करने वाली महान प्रेरणा है। उनका जीवन भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, स्वदेशी भावना, शिक्षा, साहित्य और मानवता के उत्थान के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके जीवन की छोटी-छोटी घटनाओं में भी गहन आध्यात्मिक संदेश और जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा निहित है।


मुनि श्री योगसागर जी महाराज ने संस्मरणों के माध्यम से किया प्रेरित
सत्र के अंत में निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में आचार्य श्री विद्यासागर जी महामुनिराज के विराट व्यक्तित्व एवं कृतित्व का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने आचार्य श्री के जीवन से जुड़े अनेक संस्मरणों का उल्लेख करते हुए उनकी विलक्षण प्रतिभा, गहन आध्यात्मिकता, कठोर तप-साधना और अनुपम त्यागमय जीवन की विशेषताओं को रेखांकित किया।
मुनि श्री ने आचार्य श्री के जीवन की विविध घटनाओं के माध्यम से उनकी दूरदृष्टि, आत्मानुशासन, करुणा और धर्म के प्रति अटूट निष्ठा को समझने की प्रेरणा दी। उन्होंने आचार्य श्री को विद्या, साधना और श्रमण संस्कृति का अनुपम प्रतीक बताते हुए उनके जीवन आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनके प्रेरक संस्मरणों ने उपस्थित साधकों एवं श्रोताओं को आचार्य श्री के व्यक्तित्व की गहराई और विचारों की व्यापकता से परिचित कराया।
अंतर्राष्ट्रीय ब्रह्मचारी संगोष्ठी का यह सत्र आचार्य श्री के जीवन, दर्शन और प्रेरणादायी कार्यों के स्मरण के साथ ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणाप्रद रहा। संगोष्ठी का मूल उद्देश्य आचार्य श्री के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, ब्रह्मचर्य एवं आध्यात्मिक साधना के महत्व को समझना तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर आत्मकल्याण और समाजकल्याण की दिशा में आगे बढ़ना रहा।
आज के प्रमुख पुण्यार्जक
विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक पुण्यार्जन किया। प्रशासनिक मंत्री श्रीमती अर्चना जैन सर्राफ ने बताया कि श्रावक श्रेष्ठी सम्मान, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र भेंट का पुण्यार्जन श्री राजेंद्र जी, श्रीमती रजनी जी एवं समस्त गोधा परिवार द्वारा किया गया। कलश स्थापना का पुण्यलाभ भी श्रद्धालु परिवार ने प्राप्त किया।
श्री सुमित सेंकी एवं श्री मनोज बगड़ा ने बताया कि शांतिधारा का पुण्यार्जन श्री राजेंद्र जी, श्री हुकम काका एवं श्री प्रकाश हरसोरा परिवार; श्रीमती विमला, श्री धनराज एवं श्री सुरेश जेठानीवाल परिवार; श्री रूप किशोर, श्री सुशील कुमार सिकन्दरा, आगरा तथा श्रीमती सुशीला बाई, श्री अशोक एवं श्री राजकुमार ठोरा परिवार द्वारा किया गया।
श्री धर्मचंद धनोप्या ने बताया कि भक्तामर विधान का पुण्यार्जन श्री बोधराज, श्री अशोक एवं श्री राजकुमार दुगेरिया परिवार द्वारा श्रद्धाभावपूर्वक किया गया।
श्री सुनील माडिया के अनुसार मुनि श्री योगसागर जी महाराज के आहारदान का पुण्यलाभ श्री ओमप्रकाश जी, श्री दीपेश एवं श्री संदीप ठग परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं मुनि श्री प्रणवसागर जी महाराज के आहारदान का सौभाग्य श्री कपूर जी एवं श्रीमती मंजू जी धनोप्या परिवार को मिला। मंगलाचरण का पुण्य अवसर हर्षा कोटिया को प्राप्त हुआ।
धर्मसभा के समापन पर श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री की पूजन-अर्चना कर, अर्घ्य समर्पित किए तथा जिनवाणी वंदना के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित किया।
🪷 गुरुवाणी का अमृत संदेश
आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का जीवन त्याग, तप, संयम, ज्ञान और करुणा की ऐसी प्रेरणापुंज धारा है, जो प्रत्येक साधक को आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है। उनके आदर्शों को केवल स्मरण करना ही नहीं, बल्कि अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची विनयांजलि है।
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312






