योग से तनाव और बीमारियों पर नियंत्रण का सीधा रास्ता : मुनिश्री निष्पक्ष सागर महाराज
अर्हम ध्यान शिविर में 9 बार ‘ॐ’ के सामूहिक उच्चारण से हुई शुरुआत, डमरू और गेहूं पीसने जैसी मुद्राओं से कराया योगाभ्यास
अजमेर।
तनाव और भागदौड़ से भरी आधुनिक जीवनशैली में मस्तिष्क पर बढ़ते दबाव को कम करने तथा शरीर को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम योग है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति बिना दवाइयों के भी अनेक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर नियंत्रण की दिशा में आगे बढ़ सकता है। यह बात मुनिश्री 108 निष्पक्ष सागर महाराज ने रविवार को भागचंद की कोठी में आयोजित दो दिवसीय अर्हम ध्यान योग शिविर के प्रथम दिन कही।
सुबह 6 से 7 बजे तक आयोजित अर्हम ध्यान सत्र में शहरभर से बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शिविर का शुभारंभ मुनिश्री के सान्निध्य में सभी साधकों द्वारा 9 बार ‘ॐ’ के सामूहिक एवं लयबद्ध उच्चारण से हुआ। इसके बाद ‘ॐ अर्हम’ के उच्चारण के साथ ध्यान और योगाभ्यास कराया गया।
मुनिश्री निष्पक्ष सागर महाराज ने साधकों को विभिन्न योगासन, मुद्राएं एवं शारीरिक क्रियाएं कराईं। उन्होंने डमरू की तरह हाथों को हिलाने तथा गेहूं पीसने जैसी पारंपरिक मुद्राओं का अभ्यास भी कराया। उन्होंने बताया कि ऐसी क्रियाओं से हाथों का व्यायाम होने के साथ शरीर में स्फूर्ति आती है और शारीरिक सक्रियता बढ़ती है।
मस्तिष्क के एक ही हिस्से के अधिक इस्तेमाल से बढ़ता है तनाव
मुनिश्री ने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में व्यक्ति अपने मस्तिष्क के एक ही हिस्से का लगातार अधिक उपयोग करता है। इससे मस्तिष्क पर अनावश्यक दबाव पड़ता है और मानसिक तनाव बढ़ने लगता है। इसलिए व्यक्ति को चिंता से दूर रहकर प्रतिदिन कुछ समय योग, ध्यान और शरीर को सक्रिय रखने वाली क्रियाओं के लिए देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मोटापा, फैटी लिवर तथा रीढ़ की हड्डी की एल-3 और एल-4 डिस्क से जुड़ी समस्याओं में भी राहत पाने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के लिए हमेशा बाहरी साधनों पर निर्भर रहने के बजाय अपने शरीर को ही आरोग्य का साधन बनाना अधिक उपयोगी है।
मुनिश्री ने श्रद्धालुओं से योग को केवल शिविर तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
शिविर का समापन सोमवार सुबह 6 से 7 बजे तक होने वाले योगाभ्यास एवं अर्हम ध्यान सत्र के साथ होगा।
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी 9929747312






