गंभीर बीमारी से जूझ रही महिला के परिवार के लिए देवदूत बनी टीम इंसानियत
जन सहयोग से जुटाए ₹12 हजार, उपचार के लिए झालावाड़ ले जाने में मिली आर्थिक मदद
खैराबाद।
मुश्किल वक्त में जब आर्थिक तंगी किसी परिवार के लिए इलाज की राह में सबसे बड़ी बाधा बन जाए, तब समाज का छोटा-सा सहयोग भी बड़ी उम्मीद बन जाता है। खैराबाद में ऐसा ही मानवीय उदाहरण टीम इंसानियत फाउंडेशन ने पेश किया है। गंभीर बीमारी से जूझ रही महिला के परिवार की आर्थिक स्थिति का पता चलने पर टीम ने जन सहयोग से 12 हजार रुपए जुटाकर आर्थिक सहायता प्रदान की।
टीम इंसानियत फाउंडेशन के संचालक सोमेश गुप्ता ने बताया कि खैराबाद के समाधि मोहल्ला निवासी मंजू देवी पत्नी दशरथ योगी पेशाब रुकने की गंभीर समस्या से जूझ रही हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे में महिला को उपचार के लिए झालावाड़ ले जाना भी परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। आने-जाने के किराए की व्यवस्था तक करना मुश्किल हो रहा था। परिवार के सामने राशन की समस्या भी बनी हुई है और वह कच्चे मकान में रहने को मजबूर है।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद टीम इंसानियत फाउंडेशन ने जन सहयोग का आह्वान किया। समाज के सहयोग से 12 हजार रुपए की राशि एकत्रित की गई और यह राशि परिवार को सौंपी गई, ताकि महिला को समय पर उपचार के लिए झालावाड़ ले जाया जा सके और परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके।
इस अवसर पर सोमेश गुप्ता ने कहा कि जरूरतमंद परिवार की मदद करना केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसी भावना के साथ टीम इंसानियत फाउंडेशन लगातार जन सहयोग के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि समाज के लोगों का सहयोग ही ऐसी मुहिम की सबसे बड़ी ताकत है। किसी जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर राहत और उम्मीद लौटाना ही इस प्रयास का उद्देश्य है।
इस दौरान राजेंद्र गुप्ता, अजय वर्मा, रोहित वर्मा, दयानंद चौधरी, गोलू कुरैशी, पीरूलाल, चौथमल, अरुण सहित टीम के कई सदस्य मौजूद रहे।
आर्थिक सहायता मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली तथा सहयोग के लिए टीम इंसानियत फाउंडेशन और जन सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312






