रक्षा सूत्र के साथ कैदियों को दिलाया श्रेष्ठ जीवन का संकल्प

राज्य

रक्षा सूत्र के साथ कैदियों को दिलाया श्रेष्ठ जीवन का संकल्प

रामगंजमंडी।

रक्षा बंधन के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र, रामगंज मडी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जेल में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जेल में निरुद्ध सभी बंदियों को रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और श्रेष्ठ कर्मों का संकल्प कराया।

 

 

 

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की संचालिका बीके शीतल दीदी ने बंदियों को आध्यात्मिक ज्ञान एवं जीवन मूल्यों से जुड़ी प्रेरणादायी बातें बताईं। उन्होंने कहा कि जीवन में यदि अतीत में कोई गलतियां हुई हैं तो उन्हें पीछे छोड़कर वर्तमान को श्रेष्ठ बनाने का संकल्प लिया जा सकता है। व्यक्ति अपने विचारों और कर्मों में सकारात्मक परिवर्तन लाकर शांतिपूर्ण, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की ओर आगे बढ़ सकता है।

रक्षा सूत्र बांधने के साथ सभी बंदियों को यह संकल्प कराया गया कि वे भविष्य में गलत कार्यों से दूर रहेंगे, सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तथा अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और आध्यात्मिक संदेश को सकारात्मक रूप से ग्रहण किया।

कार्यक्रम में बंदियों की ओर से भी उत्साहजनक एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। जेलर अजीत सिंह जी ने ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि निरंतर सकारात्मक मार्गदर्शन मिलने से निश्चित रूप से कुछ लोगों के जीवन में अच्छा परिवर्तन आ सकता है।

ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र द्वारा समय-समय पर समाज के विभिन्न वर्गों तक आध्यात्मिक ज्ञान, सकारात्मक चिंतन एवं श्रेष्ठ जीवन मूल्यों का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। रक्षा बंधन के इस अवसर पर जेल में किया गया यह सेवा कार्यक्रम “बुराई को छोड़कर अच्छाई की ओर बढ़ने और जीवन को नई दिशा देने” का प्रेरणादायी संदेश दे गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *