सैनिक भाइयों के नाम प्रेम की राखी, संकल्प ईको ग्रुप ने भेजीं 205 राखियां

देश

सैनिक भाइयों के नाम प्रेम की राखी, संकल्प ईको ग्रुप ने भेजीं 205 राखियां

 

‘राखी से रक्षा अभियान’ के जरिए वीर जवानों तक पहुंचाया स्नेह और सम्मान का संदेश

 

बिजौलिया।

 रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, स्नेह और भाईचारे की भावना व्यक्त करते हुए संकल्प ईको ग्रुप ने अनुकरणीय पहल की है। ग्रुप की ओर से ‘राखी से रक्षा अभियान’ के तहत अब तक 205 राखियां देश के वीर जवानों के लिए भेजी गई हैं।

 

 

सीमाओं पर तैनात सैनिक रक्षाबंधन जैसे पर्व पर भले ही अपने परिवार से दूर रहते हों, लेकिन देशवासियों का प्रेम और अपनत्व उन्हें परिवार से जुड़े होने का एहसास कराता है। इसी भावना को साकार करते हुए संकल्प ईको ग्रुप ने राखियों के माध्यम से सैनिक भाइयों तक स्नेह, शुभकामनाएं और राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता पहुंचाने का प्रयास किया है।

 

भारतीय डाक के माध्यम से भेजीं राखियां

 

संकल्प ईको ग्रुप की ओर से राखियां भारतीय डाक के माध्यम से भेजी गईं। इस अभियान में भीलवाड़ा मंडल एवं भीलवाड़ा (पूर्व) उपमंडल का सहयोग रहा। शाखा डाकपाल श्री अब्दे मुनाफ कुरैश के समन्वय से राखियों को भेजने की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर डाकघर बिजौलिया के सदस्य सोनू मीणा एवं मुनाफ शेख भी मौजूद रहे।

 

‘राखी से रक्षा’ बना भावनाओं का सेतु

 

संकल्प ईको ग्रुप के फाउंडर अंशुल जैन एवं आयुष जैन, को-फाउंडर आकांक्षा जैन एवं अविका जैन तथा ग्रुप से जुड़े लाड़ जैन ने बताया कि सैनिक भाइयों तक राखी पहुंचाना महज एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और अपनत्व व्यक्त करने का भावनात्मक प्रयास है।

 

उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपने परिवारों से दूर रहकर सीमाओं पर डटे रहते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उनके लिए भेजी गई प्रत्येक राखी देश की करोड़ों बहनों और भाइयों के प्रेम का प्रतीक है।

 

संकल्प ईको ग्रुप की पूरी टीम ने इस अभियान में विशेष सहयोग दिया। ग्रुप ने संकल्प व्यक्त किया कि सैनिक भाइयों के साथ स्नेह और सम्मान का यह भाव केवल रक्षाबंधन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

देश की सीमा पर खड़ा हर जवान हमारा अपना है—राखी की यह डोर उसी विश्वास, सम्मान और भाईचारे का संदेश लेकर सैनिक भाइयों तक पहुंच रही है।

 

अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी की रिपोर्ट

📞 9929747312

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *