पीपलखूट से घाटोल तक गूंजे जयकारे, भगवान मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा का हुआ भव्य मंगल स्वागत

धर्म

पीपलखूट से घाटोल तक गूंजे जयकारे, भगवान मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा का हुआ भव्य मंगल स्वागत

105 प्रशमश्री माताजी संघ के सानिध्य में श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, 12 जुलाई को सुखोदय तीर्थ नौगांव में उच्चासन पर विराजमान होगी प्रतिमा

बांसवाड़ा/पीपलखूट, 9 जुलाई।

भगवान मुनि सुव्रतनाथ की दिव्य प्रतिमा के मंगल विहार के दौरान गुरुवार को पीपलखूट, खमेरा और घाटोल नगरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठी। परम पूज्य 105 प्रशमश्री माताजी संघ के पावन सानिध्य में प्रतिमा का नगर-नगर भव्य स्वागत किया गया। बैंड-बाजों, जयघोष और पंचरंगी धर्म ध्वजाओं के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को धर्ममय बना दिया।

 

 

प्रातःकाल पीपलखूट नगरी में श्रद्धालुओं ने भगवान मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा के समक्ष श्रीफल अर्पित कर अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर प्रशमश्री माताजी ने उपस्थित धर्मप्रेमियों को मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए धर्म, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। नवयुवक मंडल द्वारा प्रतिमा रथ को जैन धर्म की पंचरंगी ध्वजाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया।

 

नवयुवक मंडल अध्यक्ष मुकेश गांधी एवं जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोरी के नेतृत्व में प्रतिमा का मंगल विहार पीपलखूट से खमेरा पहुंचा, जहां दिगंबर जैन समाज ने पुष्पवर्षा, श्रीफल अर्पण और जयघोष के साथ भव्य अगवानी की। इसके बाद प्रतिमा घाटोल नगरी पहुंची, जहां वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों और भक्तिमय वातावरण में जैन समाज ने भावभीना स्वागत किया। सायंकाल घाटोल में विशेष भजन संध्या एवं भक्ति कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

जैन समाज के प्रवक्ता सुरेशचंद्र गांधी ने बताया कि प्रतिमा का रात्रि विश्राम घाटोल में होगा। इसके पश्चात 10 जुलाई को सेनावासा होते हुए प्रतिमा जिला मुख्यालय बांसवाड़ा पहुंचेगी। कलेक्ट्री परिसर के बाहर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिमा की अगवानी की जाएगी। इसके बाद कमर्शियल कॉलोनी, बाहुबली कॉलोनी, खांडू कॉलोनी स्थित जैन मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत प्रतिमा रात्रि विश्राम हेतु वीरोदय तीर्थ पहुंचेगी।

वास्तुशास्त्री श्रीपाल नानावटी ने जानकारी दी कि 12 जुलाई को प्रदीप भैया सुयश के सानिध्य में वैदिक एवं जैन विधि-विधान, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान मुनि सुव्रतनाथ की प्रतिमा को विधिवत सुखोदय तीर्थ नौगांव में उच्चासन पर विराजमान कराया जाएगा।

– रिपोर्ट: सुरेशचंद्र गांधी, नौगामा (जिला बांसवाड़ा)

संकलन: अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *