आहू तीर्थ पर आचार्य श्री 108 सुनीलसागर जी ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश, श्रद्धा-भक्ति से गुंजायमान हुआ तीर्थ परिसर
आहू (मध्य प्रदेश), 3 जुलाई।
परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनीलसागर जी महाराज ससंघ का पावन आहू अतिशय क्षेत्र में भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ। मंगल प्रवेश के अवसर पर श्रद्धालुओं ने बैंड-बाजों, जयघोष, मंगलगीतों एवं भक्ति भाव के साथ आचार्य श्री का विनयपूर्वक अभिनंदन किया। पूरे तीर्थ परिसर में धर्ममय वातावरण और आध्यात्मिक उल्लास की अनुपम छटा देखने को मिली।
संकटमोचन श्री आहू पार्श्वनाथ भगवान की दिव्य एवं अतिशयकारी प्रतिमा के कारण प्रसिद्ध यह पावन तीर्थ देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। आचार्य श्री ससंघ के मंगल आगमन से तीर्थ की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ गई तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का संचार हुआ।


मंगल प्रवेश के उपरांत आचार्य श्री ससंघ मंदिर में विराजमान हुए, जहाँ श्री आहू पार्श्वनाथ भगवान का भक्तिभाव से जलाभिषेक एवं शांतिधारा सम्पन्न हुई। इसके पश्चात अपने मंगल प्रवचन में आचार्य श्री ने कहा कि “तीर्थ केवल दर्शन का स्थान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, संयम, स्वाध्याय और धर्म आराधना का जीवंत केंद्र है।” उन्होंने धर्म को जीवन में आत्मसात करने, सदाचार अपनाने तथा आत्मकल्याण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने का प्रेरणादायी संदेश दिया।

प्रवचन के पश्चात आचार्य श्री ससंघ की आहारचर्या विधिपूर्वक सम्पन्न हुई। दोपहर में आयोजित स्वाध्याय में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर जिनवाणी का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर धार से पधारे श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री को श्रीफल अर्पित कर धार नगर में मंगल प्रवेश हेतु विनम्र निवेदन किया। वहीं इंदौर सहित विभिन्न स्थानों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं वंदन के लिए उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 का चातुर्मास इंदौर में प्रस्तावित है। आचार्य श्री ससंघ निरंतर पदविहार करते हुए इंदौर की ओर अग्रसर हैं। भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बीच उनका सतत विहार संयम, तप, त्याग और साधना का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।


आचार्य श्री के मंगल आगमन से आहू तीर्थ पर श्रद्धालुओं में अपार हर्ष एवं उल्लास का वातावरण रहा। सभी श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री का आशीर्वाद प्राप्त कर धर्म आराधना एवं आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
— जानकारी : माही जैन धीरावत
संकलन : अभिषेक जैन लुहाड़िया, रामगंजमंडी
मो. 9929747312

