अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में हुआ योग एवं राजयोग का संगम*
रामगंजमंडी, 21 जून।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में योग एवं राजयोग पर आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिदिन सुनाए जाने वाले परमात्म महावाक्यों के श्रवण से हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित भाई-बहनों ने सामूहिक योगाभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे श्री सुरेश माहेश्वरी जी जो लघु उद्योग भारती के सचिव होने के साथ ही कोटा स्टोन के व्यापारी भी है उन्होंने सभी को विभिन्न योगासन एवं व्यायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, ऊर्जावान और रोगमुक्त बनता है।

योग सत्र के दौरान हनुमान दंड, ताली योग, सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, चक्रासन, मंडूकासन सहित अनेक सरल एवं सहज योगासनों का अभ्यास कराया गया। इन आसनों को इस प्रकार प्रस्तुत किया गया कि वरिष्ठ नागरिक एवं सभी आयु वर्ग के लोग उन्हें आसानी से कर सकें और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।


इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी शीतल दीदी ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग एवं व्यायाम जितने आवश्यक हैं, उतना ही मानसिक स्वास्थ्य के लिए राजयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा, “योग हमारे शरीर को स्वस्थ रखता है, जबकि राजयोग हमारे मन को शांति, शक्ति और सकारात्मकता प्रदान करता है। जब मन स्वस्थ होता है, तो तन भी स्वतः स्वस्थ रहने लगता है। इसलिए जीवन में योग और राजयोग दोनों को अपनाना आवश्यक है।”
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में आरटीओ विभाग में कार्यरत श्री रमेश भाई भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमारी परिवार की ओर से श्री सुरेश माहेश्वरी जी एवं श्री रमेश भाई का शॉल, श्रीफल एवं ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मान किया गया।
अंत में सभी भाई-बहनों ने नियमित रूप से योग एवं राजयोग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी की रिपोर्ट 9929747312
