भक्तामर महामंडल विधान के अंतर्गत भक्तामर की महिमा नाटिका का मंचन किया गया
बांसवाडा
कॉमर्शियल कॉलोनीश्री अनंतनाथ दिगंबर जैन मंदिर के निकट हो रहे जैनेश्वरी दीक्षा और संयम महोत्सव के अन्तर्गत रविवार को भक्तांबर महामंडल विधान आहूत किया गया। जैन समाज के अध्यक्ष श्री राकेश पंचोरी और प्रवक्ता शांतिलाल सेठ ने बताया कि भक्तांबर महामंडल विधान में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह से भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों का उदघोष किया जिससे वातावरण धर्ममय बन गया।
उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भक्तांबर महामंडल विधान पंडित भागचंद धरियावाद द्वारा आर्यिका अर्हमश्री मति माताजी के सानिध्य में किया गया। इस दौरान भक्तांबर की महिमा नाटिका का मंचन किया गया।
महामंडल विधान के पुनीत अवसर पर आचार्य श्री विभव सागर महाराज ने कहा कि भक्तांबर महामंडल विधान की महिमा अपरंपार है। इस विधान में सुख शांति और समृद्धि के लिए 48 जोड़ों ने अर्घ्य समर्पित कर विश्व शांति की कामना की। धार्मिक कार्यक्रम में डॉ.अजीत काेठारी, महावीर सरिया, प्रकाश चंद्र सिहाेर, मुकेश घाटलिया, पवन पंचाेरी,रमेश गाँधी व डाॅ जयंतीलाल गांधी ने विशेष भूमिका निभाई। जैन श्री हिमांशु जैन ने बताया कि शाम को धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए जिसमें समाज जनों ने उत्साह से भाग लिया। वहीं जैनेश्वरी दीक्षा लेने वाली दीक्षार्थी दीदी की मेहंदी की रस्म अदा की गई।
आचार्यश्री करेंगे कैशलौंच : कॉमर्शियल कॉलोनी में सोमवार को आचार्य विभव सागर महाराज का 24 वां संयम महोत्सव मनाया जाएगा। जैन समाज के अध्यक्ष राकेश पंचोरी ने बताया कि सोमवार सुबह 4 बजे कैश लौंच होगा। सुबह 7 बजे अभिषेक,शांतिधारा ,दोपहर 12.05 बजे दीक्षार्थी का भव्य जुलूस संत भवन से पांडाल तक निकलेगा, दोपहर 12.45 बजे 24 वां गुुरु संयम महोत्सव होगा, दोपहर 3 बजे जैनेश्वरी दीक्षा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमडी
