जैन सिद्धांतों का पालन करने से आत्मकल्याण होता है विमर्शसागर महाराज ज्ञानतीर्थ पर 27 पिच्छिकाओं का हुआ मंगल प्रवेश

धर्म

जैन सिद्धांतों का पालन करने से आत्मकल्याण होता है विमर्शसागर महाराज ज्ञानतीर्थ पर 27 पिच्छिकाओं का हुआ मंगल प्रवेश

मुरैना
जैन कुल में जन्म लेना सरल है, लेकिन जैन सिद्धांतों का पालन करना कठिन हैं । परिवार का सदस्य बनना सहज है, लेकिन श्रावक बनना कठिन हैं ।

 

आप सभी जिनेन्द्र प्रभु की वाणी को पड़ते तो हैं, साधुओं के प्रवचनों को सुनते तो हैं, लेकिन उन्हें अपने आचरण में स्वीकारते नहीं हैं । जिस दिन आपने जैन सिद्धांतों को स्वीकार कर लिया, जिनेन्द्र प्रभु की वाणी को आत्मसात कर लिया, समझो आपका कल्याण हो गया । ये मानव जीवन और वो भी जैन कुल में, अनेकों जन्मों के पुण्य से मिला है, इसे व्यर्थ नहीं गवाना चाहिए ।

 

 

उक्त उद्गार भावलिंगी जैनाचार्य श्री विमर्शसागर जी महाराज ने ज्ञानतीर्थ मुरेना में धर्म सभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए ।
पूज्य आचार्य संघ की अगवानी के लिए ज्ञानतीर्थ परिवार एवम मुरेना जैन समाज के बंधु बैरियर चौराहे पर एकत्रित हुए । सभी ने आचार्य श्री की आरती उतारकर अगवानी की । बैरियर चौराहे से गाजे बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा के रूप में गुरुदेव का ज्ञानतीर्थ में भव्य मंगल प्रवेश हुआ ।

 

 

 

ज्ञानतीर्थ के प्रवेश द्वार पर रंगोली और चौक बनाया गया । सिर पर मंगल कलश रखकर सौभाग्यवती महिलाओं ने आरती उतारकर आचार्य संघ की अगवानी की ।
बुंदेलखंड के प्रथमाचार्य गणाचार्य श्री विरागसागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य आचार्य श्री विमर्शसागर जी महाराज ससंघ का मंगल पद विहार अतिशय क्षेत्र तिजारा की ओर चल रहा है । पद विहार के दौरान आचार्यश्री आज अपने 27 पिच्छिकाओं सहित ज्ञानतीर्थ पधारे । पूज्य आचार्य संघ के पावन सान्निध्य में ज्ञानतीर्थ पर विराजमान मूलनायक भगवान आदिनाथ की शांतिधारा की गई । पूज्य आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन रमेशचंद जैन मुरेना ने किया । सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने अष्ट द्रव्य से आचार्य श्री की पूजन की । धर्म सभा के दौरान प्रधान संपादक जगदीश चंद जैन के नेतृत्व में आगरा परिषद ने, धौलपुर जैन समाज एवम ज्ञानतीर्थ परिवार ने श्रीफल अर्पित किया ।

 

 

मनोज जैन नायक ने बताया कि आचार्य श्री विमर्शसागर जी महाराज का चतुर्मास जतारा में हुआ था । अब तिजारा की ओर मंगल पद विहार चल रहा है । धर्म सभा का संचालन ब्रह्मचारिणी बहिन अनीता दीदी ने किया ।

संकलन अभिषेक जैन लुहाड़िया रामगंजमंडी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *