🙏 उत्तम संयम धर्म के दिन सुगंध दशमी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई
सुरेश चंद्र गांधी, नौगामा जिला बांसवाड़ा राजस्थान की रिपोर्ट
21 सितंबर 2026, नौगामा। दशलक्षण महापर्व के अंतर्गत उत्तम संयम धर्म के दिन आज आदिनाथ मंदिर एवं भगवान महावीर समवशरण मंदिर, सुखोदय तीर्थ नसियाजी में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किए गए। प्रातःकाल विशेष शांति धारा एवं अभिषेक किया गया, जिसमें प्रथम अभिषेक करने का सौभाग्य गांधी अविरल सन ऑफ संजय गांधी रमेश चंद्र गांधी को प्राप्त हुआ।
आदिनाथ मंदिर से श्रीजी की प्रतिमा को गाजे-बाजे के साथ विशाल पंडाल में लाकर सिंहासन पर विराजमान किया गया। सांगानेर संस्थान से पधारे अभिषेक भैया रमेश चंद्र गांधी एवं वीना दीदी तथा गीतकार राजेंद्र जैन के मधुर स्वर और वाद्य यंत्रों की धुन के बीच श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजन किया तथा गरबा नृत्य किया। पूजन के पश्चात तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन किया गया।
सुगंध दशमी के अवसर पर विशेष आयोजन
दोपहर में आदिनाथ मंदिर से श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ सामूहिक रूप से भगवान महावीर समवशरण मंदिर पहुंचे। वहां भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमाओं के समक्ष मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं ने धूप अर्पित की। इसके साथ ही मंदिर परिसर स्थित कीर्ति स्तंभ पर भी श्रद्धापूर्वक धूप चढ़ाई गई।
शाम को प्रतिक्रमण के पश्चात आदिनाथ मंदिर में गीतकार के मधुर स्वर लहरियों के बीच 48 दीप विधान के 48 दीप प्रज्वलित कर भक्ति भाव से महाआरती की गई। इस अवसर पर अभिषेक भैया ने उत्तम संयम धर्म के महत्व पर मार्मिक प्रवचन दिया। आज समाज द्वारा उपवास करने वाले तपसियों विपुल पंचोली अदिति गांधी , मोहनलाल पंचोली का सम्मान किया गया
इसके पश्चात मनीषा नानावटी के निर्देशन में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा ‘नेम-राजुल’ नाटक का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम में जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोरी एवं नवयुवक मंडल अध्यक्ष मुकेश गांधी ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं आयोजन में सहभागी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उक्त जानकारी जैन समाज प्रवक्ता सुरेश चंद्र गांधी ने दी।
